रीवा देश का सबसे स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन: MP के 9 शहरों को राष्ट्रीय सम्मान, जबलपुर दूसरे और देवास-उज्जैन अपनी श्रेणी में नंबर-1
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में रीवा ने नदी किनारे बसे शहरों की श्रेणी में देश में पहली रैंक हासिल की। जबलपुर बड़े शहरों में दूसरे स्थान पर रहा, जबकि देवास और उज्जैन ने अपनी श्रेणियों में पहला स्थान पाया। इंदौर-देपालपुर की जोड़ी, ग्वालियर, बुधनी और सागर को भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला।
रीवा ने स्वच्छता के राष्ट्रीय मंच पर ऐसी उपलब्धि हासिल की है, जिसने पूरे विंध्य क्षेत्र का मान बढ़ाया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में रीवा को ‘स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन’ श्रेणी में देश में पहला स्थान मिला है। नदी किनारे बसे शहरों की स्वच्छता के लिए बनाई गई इस अलग श्रेणी में रीवा ने बिलासपुर और वाराणसी को पीछे छोड़ते हुए पहली रैंक हासिल की। इस बार मध्य प्रदेश के लिए उपलब्धि और भी बड़ी रही, क्योंकि प्रदेश के कुल 9 शहरों को अलग-अलग श्रेणियों में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है।
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में 11 नवंबर को आयोजित राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विजेता शहरों को सम्मानित किया। रीवा की ओर से राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, पूर्व निगमायुक्त डॉ. सौरभ सोनवणे, निगम आयुक्त अक्षत जैन और उपायुक्त प्रकाश द्विवेदी ने पुरस्कार प्राप्त किया।
स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में रीवा पहले, बिलासपुर दूसरे और वाराणसी तीसरे स्थान पर
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में नदी किनारे बसे शहरों के लिए पहली बार अलग से ‘रिवर टाउन’ श्रेणी बनाई गई। पहले गंगा किनारे बसे शहरों पर केंद्रित मूल्यांकन को विस्तार देते हुए देशभर के नदी तटीय शहरों को इसमें शामिल किया गया। इस श्रेणी में रीवा ने पहला, छत्तीसगढ़ के बिलासपुर ने दूसरा और उत्तर प्रदेश के वाराणसी ने तीसरा स्थान हासिल किया।
यह रीवा के लिए इसलिए खास है क्योंकि अब शहर की पहचान केवल सामान्य शहरी स्वच्छता तक सीमित नहीं रही। बीहर नदी के किनारे विकसित रिवर फ्रंट और घाटों की स्वच्छता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। नदी किनारे बसे शहरों के बीच पहला स्थान मिलने से रीवा का नाम देश के उन शहरों में शामिल हो गया है, जिन्होंने नदी तटों की सफाई और रखरखाव के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है।
बीहर नदी और रीवा के रिवर फ्रंट की क्या है खासियत?
