पिछले दिन की गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजार में धमाकेदार तेजी दिखी है। मंगलवार को शेयर बाजारों में तेजी देखी गई है। सेंसेक्स 1209 अंकों की तेजी के साथ 57,998 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वही निफ़्टी 367 अंक बढ़कर 17,255 पर पहुंच गया है। सेंसेक्स के 30 में से 28 शेयरों में तेजी देखी गई है। वहीं दो शेयर में गिरावट दर्ज हुई है।
इंडसइंड बैंक और अडाणी पोर्ट्स टॉप गेनर
इंडसइंड बैंक, अडाणी पोर्ट्स, हीरो मोटोकॉर्प अडाणी एंटरप्राइजेज, बजाज फाइनेंस, आयशर मोर्ट्स, कोल इंडिया, TCS, HDFC, JSW स्टील निफ्टी-50 के टॉप गेनर्स रहे। वहीं डॉ रेड्डी और पावर ग्रिड निफ्टी के टॉप लूजर्स हैं।
तेजी से निवेशकों को 5 लाख करोड़ रु का फायदा
बाजार में तेजी से निवेशकों को करीब 5 लाख करोड़ रुपए का फायदा हुआ है। BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप करीब 5 लाख करोड़ रुपए बढ़कर 272.93 लाख करोड़ रुपए पहुंच गया है। ब्रॉडर मार्केट्स में भी काफी तेजी आई है। निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में भी एक फीसदी से ज्यादा तेजी आई है।
NSE के सभी 11 सेक्टोरल इंडेक्स में तेजी
वहीं NSE के सभी 11 सेक्टोरल इंडेक्स में तेजी दिख रही है। प्राइवेट बैंक सेक्टर में सबसे ज्यादा 2.70% की तेजी है। वहीं बैंक, फाइनेंशियल सर्विसेस, IT, मेटल और PSU बैंक सेक्टर में भी 2% से ज्यादा की तेजी देखने को मिल रही है। फार्मा, ऑटो, FMCG, मीडिया और रियल्टी सेक्टरों में भी तेजी है।
भारतीय शेयर बाजार में क्यों आई तेजी?
ग्लोबल मार्केट से मिले दमदार नतीजों के बाद भारतीय शेयर बाजार में यह तेजी आई है। अमेरिकी बाजारों में हफ्ते और महीने के पहले कारोबारी दिन शानदार तेजी देखने को मिली। डाउ जोंस 765 अंक की उछाल के साथ 29,491 पर और नैस्डैक 240 अंक चढ़कर 10,815 के स्तर पर पहुंचा था। S&P 500 में भी 2.59% की तेजी है। अमेरिकी बाजार का असर एशियाई बाजार पर भी देखने को मिल रहा है। SGX निफ्टी भी 250 अंक मजबूत होकर 17,100 के ऊपर कारोबार कर रहा है।
सोमवार को भारी गिरावट में बंद हुआ था बाजार
मंदी की आशंकाओं से ग्लोबल बाजारों में खराब संकेत के चलते भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 638 अंक की गिरावट के साथ 56,788 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी 208 अंक गिरकर 16,885 के स्तर पर बंद हुआ था।
Discussion about this post