कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ‘कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता आपस में आक्रोश निकाल रहे हैं। कमलनाथ जी समझ गए कि आक्रोश किसके खिलाफ है, इसलिए उन्होंने पोस्टर से दिग्विजय सिंह को ही निकाल दिया। मिस्टर बंटाधार खुद कहते हैं कि मैं जाऊंगा तो वोट नहीं मिलेंगे।’
सीएम शिवराज सिंह शनिवार को भोपाल के कुशाभाऊ सभागार में मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने बताया कि 25 सितंबर को भोपाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा प्रस्तावित है। PM यहां भाजपा कार्यकर्ताओं के महाकुंभ में शामिल होंगे। सीएम शिवराज ने भाजपा कार्यकर्ता महाकुंभ की तैयारियों को लेकर जानकारी दी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में BJP प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी शामिल हुए।
शिवराज सिंह का राहुल गांधी पर तंज
CM शिवराज सिंह ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा, ‘मुझे आश्चर्य होता है कि जिनका नेता पहियों वाले सूटकेस को सिर पर लेकर चलता हो, उस पार्टी का क्या भविष्य होगा।’
बता दें कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी गुरुवार सुबह दिल्ली के आनंद विहार ISBT पहुंचे और कुलियों से मिले। यहां उन्होंने कुली की लाल यूनिफॉर्म पहनी और बैज भी लगाया। इसके बाद उन्होंने सिर पर बैग उठाया था।
कमलनाथ चुनाव में ढोंगी बाबा बन गए
मुख्यमंत्री ने कहा, कमलनाथ 2019 में आए, तो उन्होंने सारी योजनाएं बंद कर दीं। कमलनाथ जी, जब सनातन धर्म का अपमान होता है तो आप मौनी बाबा बन जाते हैं और जब वोट चाहिए होते हैं तो आप ढोंगी बाबा बन जाते हैं। सनातन धर्म का अपमान आपके गठबंधन के साथी कर रहे हैं और आप चुप हैं। जनता का आक्रोश आपके खिलाफ होगा। आप और आपकी पार्टी कहीं की नहीं रहेगी।
Discussion about this post