CBIC ने GST रजिस्ट्रेशन के लिए जरूरी दस्तावेजों को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अब कारोबार की जगह खुद की, किराये की, परिवार के सदस्य की या को-वर्किंग स्पेस में होने के हिसाब से दस्तावेज देने होंगे।
अधिकारियों को बिना वजह अतिरिक्त कागजात मांगने या मनमाने सवाल उठाने से बचने को कहा गया है। उदाहरण के लिए, केवल इसलिए आवेदन पर सवाल नहीं उठाया जाना चाहिए कि कारोबारी का घर किसी दूसरे शहर में है या कारोबार की जगह आवासीय परिसर में है। आधार सत्यापन पूरा होने पर सामान्य तौर पर 7 कार्यदिवस में आवेदन की प्रक्रिया पूरी करने का प्रावधान है। जहां भौतिक सत्यापन जरूरी हो, वहां 30 दिन तक का समय हो सकता है।
2. टैक्स नोटिस में आरोप और सबूत बताने होंगे
टैक्स अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस (SCN) में यह स्पष्ट करना होगा कि कारोबारी पर किस नियम के उल्लंघन का आरोप है। नोटिस में संबंधित तथ्य, सबूत, कानूनी आधार और टैक्स की गणना का विवरण देना होगा।
जहां संभव हो, औपचारिक नोटिस से पहले GST DRC-01A के जरिए कारोबारी को अपनी बात रखने का मौका दिया जा सकता है। सुनवाई मांगने पर या प्रतिकूल आदेश की स्थिति में सुनवाई का अवसर देना भी जरूरी है।
3. टैक्स चोरी के आरोप में मंशा और सबूत जरूरी
सिर्फ टैक्स का भुगतान नहीं होने या रिटर्न में गड़बड़ी मिलने से हर मामले में धोखाधड़ी का आरोप नहीं लगाया जा सकता। सख्त प्रावधान लगाने के लिए अधिकारियों को यह दिखाना होगा कि कारोबारी ने जानबूझकर गलत जानकारी दी, तथ्य छिपाए या टैक्स बचाने की मंशा से धोखाधड़ी की।
अगर किसी पुराने मामले के उन्हीं तथ्यों के आधार पर बाद की अवधि के लिए नोटिस जारी किया जाता है, तो सामान्य तौर पर गैर-धोखाधड़ी वाले प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए। धोखाधड़ी का प्रावधान लगाने के लिए नए और अलग आधार होने चाहिए।
4. टैक्स मामलों में AI पर मानवीय निगरानी जरूरी
CBIC ने टैक्स मामलों की जांच और आदेश तैयार करने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) या दूसरे तकनीकी साधनों के इस्तेमाल पर मानवीय निगरानी अनिवार्य की है। AI से मिली जानकारी को आदेश में शामिल करने से पहले उसकी स्वतंत्र जांच करनी होगी।
इसका मतलब है कि केवल AI के नतीजे के आधार पर कारोबारी के खिलाफ टैक्स आदेश नहीं दिया जाना चाहिए। जानकारी की सटीकता और आदेश की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की ही रहेगी।
5. निर्यात के भुगतान में सेट-ऑफ को मान्यता
निर्यात से मिलने वाली रकम और आयात पर देय रकम का आपस में समायोजन यानी सेट-ऑफ किया जा सकता है। यदि यह समायोजन भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के निर्देशों के अनुसार किया गया है, तो निर्धारित शर्तों के तहत इसे निर्यात भुगतान की शर्त पूरी होना माना जाएगा।
इसके अलावा, निर्यात सेवाओं के भुगतान के लिए कुछ मान्य विदेशी मुद्रा और वापस भारत लाए जा सकने वाले रुपये के खातों से प्राप्त रकम को भी स्वीकार किया गया है। इससे अंतरराष्ट्रीय कारोबार करने वाली कंपनियों को भुगतान के नियम समझने में मदद मिलेगी।
6. ITC, अपील और रिफंड पर भी स्पष्टीकरण
CBIC ने इनपुट सर्विस डिस्ट्रीब्यूटर (ISD) के जरिए ITC बांटने, बैंकों और वित्तीय संस्थानों के ITC नियमों तथा वाहन डीलरों के डेमो वाहनों पर मिलने वाले ITC को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की है।
अपील में कारोबारी के पक्ष में फैसला आने पर जमा प्री-डिपॉजिट का रिफंड केवल इसलिए नहीं रोका जाना चाहिए कि विभाग आगे अपील करना चाहता है या उसने अपील दायर कर दी है। हालांकि, संबंधित अनुकूल आदेश पर रोक लगी होने की स्थिति अलग होगी।
एक अन्य स्पष्टीकरण में Rule 96(10) को हटाने के प्रभाव और लंबित मामलों पर इसके लागू होने की बात कही गई है।