रीवा से सांसद जनार्दन मिश्रा ने बुधवार दोपहर एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान उद्योगपति एलन मस्क पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने मंच से सख्त लहजे में कहा कि देश के 56 इंच सीने वाले नेतृत्व को कोई ताकत झुका नहीं सकती और भारत अपनी शर्तों पर ही बाहरी कंपनियों या उद्योगपतियों को अवसर देगा।
डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल की मौजूदगी में मंच से बोले सांसद
यह बयान रीवा में लक्ष्मण बाग ट्रस्ट की जमीन के दोनों हिस्सों को आपस में जोड़ने के लिए नदी पर बनने वाले नए ब्रिज के भूमिपूजन समारोह के दौरान सामने आया। कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। मंच पर संबोधन के लिए पहुंचे सांसद जनार्दन मिश्रा ने देश के सामर्थ्य और आत्मनिर्भरता पर बात करते हुए मस्क का उल्लेख किया।
'शर्त मानी तो ठीक, नहीं तो ठुकराऊ है': सांसद
सांसद ने कहा कि हिंदुस्तान को कोई ताकत अपनी धौंस नहीं दिखा सकती। उन्होंने कहा कि एलन मस्क के लिए नियम और बंदिशें तय हैं। यदि वह भारत की शर्तों को स्वीकार करेंगे तभी उन्हें यहां अनुमति मिलेगी, और यदि शर्तों का उल्लंघन करेंगे तो उन्हें ठुकरा दिया जाएगा। इसी दौरान उन्होंने आगे कहा कि दो घूंसा मारूंगा तो मस्क भाग जाएंगे, इसलिए देशवासियों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि समाज में जितना सौहार्दपूर्ण वातावरण रहेगा, देश उतनी ही तेजी से तरक्की करेगा।
लक्ष्मण बाग नदी पर नए पुल का भूमिपूजन संपन्न
कार्यक्रम के मुख्य एजेंडे के तहत उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने नदी पर बनने वाले ब्रिज का विधिवत भूमिपूजन किया। इस पुल के निर्माण से लक्ष्मण बाग मंदिर, परिसर स्थित गौशाला और नवनिर्मित संस्कृत विश्वविद्यालय के मध्य आवागमन काफी सुगम हो जाएगा। इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
