रीवा के अटल पार्क के पास तेज रफ्तार कारों से स्टंटबाजी करने वाले युवकों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर स्टंटबाजी का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। इनके आधार पर वाहनों की पहचान कर तीन गाड़ियां जब्त की गई हैं। एक अन्य वाहन की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने युवकों के परिजनों को भी बुलाया और उन्हें स्टंटबाजी का वीडियो दिखाया। कम उम्र में इस तरह की खतरनाक हरकत देखकर परिजन भी हैरान रह गए। पुलिस ने वाहन चालकों को समझाइश देने के साथ उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी शुरू की है।
तेज रफ्तार कारों से स्टंटबाजी का वीडियो हुआ था वायरल
अटल पार्क के पास सामने आए वीडियो में कुछ युवक तेज रफ्तार कार दौड़ाते और सड़क पर स्टंट करते नजर आए थे। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। आसपास लगे CCTV कैमरों की मदद से वाहनों की पहचान की गई।
पुलिस के मुताबिक, इस तरह की स्टंटबाजी से सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
तीन वाहन जब्त, एक अन्य की तलाश
पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर तीन वाहनों को जब्त किया है। इनमें MP-17 ZN 7712, MP-43 BP 0239 और MP-17 JD 0001 नंबर के वाहन शामिल हैं। एक अन्य वाहन की तलाश की जा रही है।
तीनों वाहन चालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस वाहनों के रजिस्ट्रेशन, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच कर रही है।
अटल पार्क के आसपास सिविल ड्रेस में निगरानी करेगी पुलिस
स्टंटबाजी रोकने के लिए पुलिस अटल पार्क के आसपास निगरानी बढ़ाने की तैयारी कर रही है। पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में घूमकर स्टंट करने वालों पर नजर रखेंगे। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पार्क कर्मचारियों को भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक सड़क पर इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


