पश्चिम मध्य रेलवे के कटनी-बीना रेलखंड पर तकनीकी सुधार और यार्ड रीमॉडलिंग का कार्य शुरू किया गया है। बीना और आगासौद रेलवे स्टेशनों पर होने वाले इस कार्य के चलते रेलवे प्रशासन ने सतना रेलवे जंक्शन से गुजरने वाली रीवा-रानी कमलापति रेवांचल सुपरफास्ट सहित कुल 17 ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी बदलाव करने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था 8 अक्टूबर से 14 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगी।
रेवांचल सुपरफास्ट अब जबलपुर-इटारसी होकर चलेगी
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, रीवा-रानी कमलापति रेवांचल सुपरफास्ट (गाड़ी संख्या 12186) 8 से 14 अक्टूबर तक अपने निर्धारित मार्ग कटनी-सागर-बीना के बजाय डायवर्टेड रूट से चलाई जा रही है। यह ट्रेन अब कटनी से जबलपुर, इटारसी और नर्मदापुरम होते हुए रानी कमलापति स्टेशन पहुंचेगी।
इसी प्रकार, वापसी में गाड़ी संख्या 12185 रानी कमलापति-रीवा रेवांचल एक्सप्रेस भी रानी कमलापति से रवाना होकर नर्मदापुरम, इटारसी, जबलपुर और कटनी होकर सतना एवं रीवा पहुंचेगी। मार्ग परिवर्तन के चलते इस अवधि में सागर और बीना की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
रीवा-डॉ. अंबेडकर नगर एक्सप्रेस का संचालन भी प्रभावित
कटनी-बीना खंड पर चल रहे निर्माण कार्य का असर रीवा से डॉ. अंबेडकर नगर के बीच चलने वाली त्रिसाप्ताहिक ट्रेन पर भी पड़ा है। गाड़ी संख्या 11704 रीवा-डॉ. अंबेडकर नगर एक्सप्रेस 8, 11 और 13 अक्टूबर को अपने नियमित मार्ग के स्थान पर परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी।
यह ट्रेन बीना, मालखेड़ी, महादेवखेड़ी, गुना, रुठियाई और मक्सी जंक्शन होते हुए अपने गंतव्य डॉ. अंबेडकर नगर तक जाएगी।
यात्रियों के लिए रेलवे की सलाह
पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) डॉ. मधुर वर्मा ने बताया कि अधोसंरचना विकास और यार्ड के आधुनिकीकरण के लिए यह कार्य आवश्यक है। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए यात्रा शुरू करने से पहले रेलवे के अधिकृत पूछताछ माध्यमों अथवा हेल्पलाइन नंबर से अपनी संबंधित ट्रेन के वास्तविक रूट और समय-सारणी की पुष्टि अवश्य कर लें।
